खाकी की अनोखी मिसाल: बेजुबान श्वान और उसके बच्चों का सहारा बने डायल 112 के सिपाही प्रवीण कुमार

गाजियाबाद (साहिबाबाद): पुलिस की वर्दी के पीछे छिपी मानवीय संवेदनशीलता की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर साहिबाबाद क्षेत्र में देखने को मिल रही है। आपातकालीन सेवा डायल 112 पर तैनात सिपाही प्रवीण कुमार और उनकी पीआरवी (PRV) टीम अपनी व्यस्त ड्यूटी के बीच बेजुबान जानवरों की सेवा कर समाज के सामने एक नई मिसाल पेश कर रहे हैं।
साहिबाबाद स्थित महाराजपुर गांव के पास पैसिफिक मॉल के पिछले हिस्से में बने जंगल में एक मादा श्वान (कुतिया) और उसके छोटे-छोटे बच्चे रहते हैं। सिपाही प्रवीण कुमार रोजाना अपनी ड्यूटी के दौरान समय निकालकर इस स्थान पर पहुंचते हैं। उनके और इन बेजुबानों के बीच का लगाव इतना गहरा हो चुका है कि जैसे ही डायल 112 की गाड़ी का हॉर्न बजता है, मादा श्वान और उसके सभी बच्चे दौड़कर गाड़ी के पास आ जाते हैं।
सिपाही प्रवीण कुमार और उनकी टीम न केवल इन बेजुबानों के लिए रोजाना दूध और खाने की व्यवस्था करती है, बल्कि बीमार और कमजोर श्वानों का भी पूरा ख्याल रखती है। टीम द्वारा अपने निजी प्रयासों से बीमार कुत्तों को समय-समय पर जरूरी दवाइयां भी दी जाती हैं ताकि वे स्वस्थ रह सकें।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ मूक प्राणियों के प्रति सिपाही प्रवीण कुमार और उनकी टीम का यह समर्पण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग और पशु प्रेमी खाकी के इस मानवीय चेहरे की जमकर सराहना कर रहे हैं।


