ग़ाज़ियाबाद

19 करोड़ के अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, औचक निरीक्षण में दो ही डॉक्टर मिले उपस्थित

गाजियाबाद। क्षेत्र की पांच लाख से अधिक आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 19 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाए गए डूंडाहेड़ा स्थित 50 बेड के संयुक्त अस्पताल की हकीकत शुक्रवार को औचक निरीक्षण में सामने आई। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मेरठ मंडल के अपर निदेशक डॉ. मनोज सेन और संयुक्त निदेशक डॉ. अशोक तालियान ने अस्पताल का निरीक्षण किया तो ओपीडी में केवल दो चिकित्सक उपस्थित मिले। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और अव्यवस्थाएं मिलने पर अपर निदेशक उपस्थिति रजिस्टर भी अपने साथ ले गए। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल आनंद और फिजिशियन डॉ. रंजीत ही मौजूद मिले। डॉ. रंजीत ने निरीक्षण के समय तक केवल 11 मरीजों को देखा था, जबकि डॉ. अतुल आनंद ने एक भी मरीज नहीं देखा था। इमरजेंसी में डॉ. अजमल उपस्थित मिले। अस्पताल के बाकी 11 चिकित्सक मौके पर नहीं मिले। इसके अलावा कई स्वास्थ्यकर्मी भी गैरहाजिर पाए गए। उपस्थिति रजिस्टर की जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद अपर निदेशक उसे अपने साथ ले गए। निरीक्षण में अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। कई स्थानों पर गंदगी मिली और मरीजों के बेड पर निर्धारित मानकों के अनुरूप चादरें नहीं बिछी थीं। अधिकारियों ने इमरजेंसी सेवाओं में भी कमियां पाईं। नियमानुसार सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक ओपीडी में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है, जबकि इमरजेंसी सेवा 24 घंटे संचालित होनी चाहिए। अस्पताल के सीएमएस को एसीआर में अच्छा लिखने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने के आरोपों के बाद पद से हटाया जा चुका है। उनकी जगह एसीएमओ डॉ. नीरज अग्रवाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है, लेकिन निरीक्षण के दौरान वह भी अस्पताल में मौजूद नहीं मिले। अस्पताल की बदहाली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां ओपीडी में मरीजों की संख्या अब तक 500 के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाई है। सर्जरी भी बेहद कम हो रही हैं। आरोप है कि मरीजों को भर्ती कर उपचार देने के बजाय उन्हें दूसरे अस्पतालों में रेफर करना अधिक पसंद किया जाता है। वहीं, अस्पताल से जुड़े एक चिकित्सक के खिलाफ शासन स्तर पर दो विभागीय जांच भी चल रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button