धनाराघाट पर दो नावों के भरोसे हजारों की जिंदगी, घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर राहगीर

पांच-छह घंटे में पार हो रही नदी, जरूरी काम छोड़कर इंतजार करने को मजबूर ग्रामीण
वेलकम इंडिया पीलीभीत
मीनू बरकाती
पूरनपुर/पीलीभीत।ट्रांस शारदा क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। धनाराघाट नदी पर आवागमन के लिए पर्याप्त नावों की व्यवस्था न होने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नदी पार कराने के लिए मात्र दो नावों का संचालन होने से हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। यात्रियों की संख्या अधिक होने और नावों की कमी के चलते नदी के दोनों किनारों पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। लोगों को नदी पार करने के लिए पांच से छह घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसके चलते रोजमर्रा के कामकाज से लेकर तहसील और जिला मुख्यालय पहुंचने तक लोगों का पूरा दिन बर्बाद हो रहा है।धनाराघाट नदी के पार बसे गांवों के लोगों के लिए यह रास्ता बेहद महत्वपूर्ण है। क्षेत्र के ग्रामीणों को सरकारी कामकाज, जरूरी दस्तावेज बनवाने, अधिकारियों से मिलने, बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए तहसील व जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। लेकिन नावों की सीमित संख्या के कारण समय पर गंतव्य तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। सुबह घर से निकलने वाले लोगों का कई घंटे नदी किनारे ही गुजर जा रहे हैं। लंबी कतार में खड़े बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।राहगीरों का कहना है कि दो नावों के सहारे इतनी बड़ी संख्या में लोगों को नदी पार कराना पर्याप्त नहीं है। नावों की कमी के कारण यात्रियों को अपनी बारी आने का घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार जरूरी काम होने के बावजूद लोग समय से तहसील या जिला मुख्यालय नहीं पहुंच पाते। इससे लोगों के सरकारी और निजी दोनों तरह के काम प्रभावित हो रहे हैं।सबसे चिंताजनक स्थिति उन लोगों के सामने है, जिन्हें किसी जरूरी काम से अस्पताल, तहसील या अन्य सरकारी कार्यालय पहुंचना होता है। घंटों इंतजार के कारण उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। नदी पार करने की यह समस्या अब क्षेत्र के लोगों के लिए रोजाना की चुनौती बनती जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नावों की संख्या नहीं बढ़ाई जाएगी, तब तक इस समस्या से राहत मिलना मुश्किल है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से घनाराघाट नदी पर अतिरिक्त नावों की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों को घंटों कतार में खड़े होकर अपना समय बर्बाद न करना पड़े और वे सुरक्षित व समय से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।



