छठ घाट पर पहुंचे डीएम, हिंडन नदी के छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गाजियाबाद। छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को लेकर निगरानी तेज कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने जनपद के सबसे बड़े छठ घाट हिंडन नदी पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर सफाई, प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा और यातायात सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने छठ पूजा में शामिल होकर श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पूजा शुरू होने से लेकर समापन तक हिंडन नदी और घाट के आसपास कहीं भी गंदगी या कूड़ा एकत्रित नहीं होना चाहिए। नदी का जल स्वच्छ रखा जाए और श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था लगातार बनी रहे। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। विद्युत व्यवस्था को लेकर डीएम ने निर्बाध बिजली आपूर्ति और घाट पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत तारों और उपकरणों की पहले से जांच कराने तथा कटे, टूटे या खुले तारों को तत्काल ठीक कराने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे घाट और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने, भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने घाट तक पहुंचने वाले मार्गों पर सुचारु आवागमन, उचित पार्किंग और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त राजकरन नय्यर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और छठ पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे और पर्व को स्वच्छ एवं सकुशल संपन्न कराने में जिला प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और पर्व के दौरान लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।



