शहर-राज्य

तरौली में दो पक्षों के बीच मारपीट, युवक और प्रधान प्रतिनिधि की पिटाई के वीडियो वायरल

मथुरा। थाना छाता क्षेत्र के गांव तरौली में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद लगातार दो दिन मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। पहले पक्ष के एक युवक के साथ मारपीट हुई, जबकि अगले दिन दूसरे पक्ष के प्रधान प्रतिनिधि को भी कथित रूप से पीटा गया। दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

पहली घटना 8 नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, विजय सिंह के भाई पूरन सिंह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में हुए विवाद के बाद भरतो, उमेश और हिमांशु समेत अन्य लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में पूरन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए केडी अस्पताल अकबरपुर में भर्ती कराया गया। वायरल वीडियो में उनके चेहरे, मुंह और शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दे रहे हैं।

दूसरी घटना में अगले दिन प्रधान प्रतिनिधि भरत सिंह ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि घर जाते समय रतन, विजय सिंह समेत छह लोगों ने उन्हें घेर लिया और नाली में डालकर मारपीट की। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। लगातार दो दिन हुई मारपीट की घटनाओं के वीडियो वायरल होने के बाद गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button