बिजलीघर चौराहे पर यातायात पुलिस का विशेष अभियान, अवैध ठेले और बेतरतीब खड़े ऑटो-ई-रिक्शा हटवाए

आगरा से ब्यूरो चीफ मयूर खान
आगरा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए आगरा यातायात पुलिस ने यातायात माह-2026 के तहत अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 13 नवंबर को पुलिस उपायुक्त यातायात ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद के निर्देशन में बिजलीघर चौराहे पर विशेष अभियान चलाया गया।
यातायात निरीक्षक दुष्यंत राणा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान चौराहे पर अनाधिकृत रूप से खड़े फल-सब्जी के ठेलों, ऑटो और ई-रिक्शा को हटवाया गया। इससे चौराहे पर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान चौराहे पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटियों का भी निरीक्षण किया गया। यातायात निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यातायात को सुचारु, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए ब्रीफ किया।
आगरा यातायात पुलिस का उद्देश्य प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण और अनावश्यक अवरोधों से मुक्त कराकर आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात उसकी प्राथमिकता है।



