कार ने बेजुबान को कुचला, सीसीटीवी में कैद हुई दर्दनाक घटना

गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र के डिडौली गांव में शनिवार शाम एक बेजुबान कुत्ते की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क पर बैठे कुत्ते को बचाने के बजाय उसके ऊपर कार चढ़ा दी। हादसे में कुत्ते की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और पशु प्रेमियों में रोष व्याप्त है। बताया गया कि शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे डिडौली गांव के मुख्य मार्ग पर कुत्ता सड़क पर बैठा हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार वहां से गुजरी। आरोप है कि चालक ने वाहन की गति कम करने या कुत्ते को बचाने का प्रयास करने के बजाय उसके ऊपर ही कार चढ़ा दी। कार की चपेट में आने के बाद कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दर्दनाक घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में कार के वहां से गुजरने और कुत्ते को चपेट में लेने की घटना दिखाई देने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों में घटना को लेकर नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि बेजुबान पशुओं के प्रति संवेदनशीलता बरतना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। डिडौली निवासी निर्दोष त्यागी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस से आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में उन्होंने घटना को अमानवीय बताते हुए चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। इसके साथ ही घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। एसीपी ने बताया कि पीडि़त की तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी और बेजुबान पशुओं के प्रति संवेदनशीलता की जरूरत को सामने ला दिया है। ग्रामीणों और पशु प्रेमियों ने पुलिस से आरोपी चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।



