एसआईआर में कथित अनियमितताओं के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश

गाजियाबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत जन आक्रोश मार्च निकाला। जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में निकाला गया मार्च नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क से शुरू होकर लोहिया नगर स्थित गांधी पार्क पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बडिय़ों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। मार्च में बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे और अभियान से जुड़े नारे लिखी तख्तियां थीं। मार्च के दौरान नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाया जाना उसके मताधिकार को प्रभावित करता है। जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक शक्ति है। किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाया जाना उसके लोकतांत्रिक अधिकार का हनन है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सामने आ रहे सवालों और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े। उन्होंने कहा कि सपा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है। एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, उनका समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि मताधिकार और संविधान की रक्षा के लिए सपा का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पार्टी की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। जन आक्रोश मार्च गांधी पार्क पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने राष्ट्रगान गाया। इसके बाद जिला महासचिव नितिन त्यागी ने संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन करते हुए कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। मार्च में पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, हाजी जाकिर, केके शर्मा, राष्ट्रीय सचिव भुवन भास्कर जोशी, प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग, राजन कश्यप, कर्मवीर जाटव, तमन्ना डबास समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा नेताओं ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।



