उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर का औचक निरीक्षण किया

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )।उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल एन आर -एच एम, डॉ. रविन्द्र कुमार द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था, लैब संबंधी सुविधाओं, अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई एवं अस्पताल परिसर की समग्र व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. रविन्द्र कुमार ने चिकित्सकों एवं समस्त स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की संतुष्टि, एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति, समयपालन, दवा उपलब्धता एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अभिलेखों का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।
इसके उपरांत डॉ. रविन्द्र कुमार द्वारा अमराला स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां उन्होंने ओपीडी सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं एवं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत दी जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली एवं उनकी संतुष्टि का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करने हेतु निर्देशित किया गया।



