जनगणना ड्यूटी को लेकर शिक्षकों की चिंता, दूरस्थ क्षेत्रों में ड्यूटी से प्रभावित हो रही शिक्षण व्यवस्था -पढ़ाई और प्रशासनिक जिम्मेदारी के संतुलन की मांग, शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद। जनगणना कार्य में परिषदीय शिक्षकों की बड़े स्तर पर लगाई जा रही ड्यूटी को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम वित्त से मुलाकात कर शुक्रवार को जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने ड्यूटी निर्धारण में आ रही व्यावहारिक समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराते हुए ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र अथवा निवास स्थान के निकट लगाए जाने की मांग की। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अनुज त्यागी ने बताया कि वर्तमान में कई शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यस्थल से काफी दूर लगाई जा रही है। उदाहरण स्वरूप भोजपुर एवं मुरादनगर में कार्यरत शिक्षकों को खोड़ा और लोनी क्षेत्रों में तथा लोनी ब्लॉक के शिक्षकों को नगर क्षेत्र, मोदीनगर एवं मुरादनगर में तैनात किया गया है। इससे शिक्षकों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिसके कारण विद्यालयों का नियमित शिक्षण कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों की ड्यूटी दूर-दराज क्षेत्रों में लगाई जाती है तो विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होगी और छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। शिक्षकों ने पूर्व में एसआईआर ड्यूटी के दौरान उत्पन्न समस्याओं का उल्लेख करते हुए बताया कि उस समय भी अन्य क्षेत्रों में ड्यूटी लगाए जाने से शिक्षण कार्य बाधित हुआ था। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अनुरोध किया कि शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्य क्षेत्र या निवास स्थान के आसपास निर्धारित की जाए, जिससे वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को भी जिम्मेदारी से निभा सकें और विद्यालयों की पढ़ाई भी प्रभावित न हो। शिक्षकों का कहना था कि संतुलित व्यवस्था से प्रशासनिक कार्य और शिक्षण दोनों को सुचारु रूप से संचालित किया जा सकता है। एडीएम वित्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जनगणना कार्य के दौरान शिक्षकों को आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि प्रस्तुत सुझावों और समस्याओं पर विचार कर यथासंभव समाधान किया जाएगा, ताकि शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के हित सुरक्षित रह सकें। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदेश मित्तल, ब्लॉक अध्यक्ष मुरादनगर अमित यादव, ब्लॉक अध्यक्ष लोनी मनोज डागर, ब्लॉक अध्यक्ष भोजपुर पुष्पेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष रजापुर मनोज त्यागी, सदाकत अली, प्रमोद सिरोही सहित अनेक शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।



