आबादी के बीच गिरी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन, हादसे के बाद भी जिम्मेदार बेखबर

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।नगर के मोहल्ला ढका ज0 में नूरी मस्जिद के पास बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन अचानक आबादी के बीच जा गिरी। हाईटेंशन लाइन के जमीन पर गिरने से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता था।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को मामले की सूचना देने का प्रयास किया। लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। इससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी के बीच 11 हजार वोल्ट की लाइन गिरना बेहद गंभीर मामला है। यदि समय रहते लाइन को सुरक्षित नहीं किया गया तो किसी भी समय अनहोनी हो सकती है।लोगों के अनुसार, अधिकारियों की ओर से कथित तौर पर यह कहे जाने की बात सामने आई है कि “हम क्या करें।” इस कथित प्रतिक्रिया को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामले में इस तरह की उदासीनता गंभीर चिंता का विषय है। बिजली की हाईटेंशन लाइन के खुले में पड़े रहने से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की जान को खतरा बना हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग को ऐसे संवेदनशील स्थानों पर विद्युत लाइनों की नियमित जांच और समय पर मरम्मत करानी चाहिए, ताकि जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त लाइनें हादसे का कारण न बनें। उनका यह भी कहना है कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।मोहल्ले के नबाब हसन, फाजिल खां, शहजाद, असीतुल्ला, निसार अहमद, गौस मोहम्मद, जमील हसन और आरिफ समेत अन्य लोगों ने प्रशासन तथा विद्युत विभाग से तत्काल हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित तरीके से हटाने, क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति की जांच कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है। साथ ही लोगों ने मामले की जांच कर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।


