एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत किसान गोष्ठी का हुआ आयोजन

असदुल्लाह सिद्दीकी
बांसी/सिद्धार्थनगर।जनपद में कालानमक चावल के उत्पादन क्षेत्र को बढ़ाने एवं किसानों को प्रसंस्करण, ब्रांडिंग तथा पैकेजिंग से जोड़ने के उद्देश्य से एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत स्थापित कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बांसी विधायक जय प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
गोष्ठी का आयोजन मेसर्स शिवांस सिद्धार्थनगर सीएफसी के निदेशक अभिषेक सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान किसानों को कालानमक धान की अनुबंधित खेती, उत्पादन क्षेत्र विस्तार, सीएफसी की सदस्यता ग्रहण करने तथा सीएफसी से जुड़कर धान की प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
उपनिदेशक कृषि ने किसानों को कालानमक धान की वैज्ञानिक खेती एवं कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं सहायक आयुक्त उद्योग शिव शंकर कुमार ने ओडीओपी एवं उद्योग विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सीएफसी के बेहतर संचालन और पूर्ण क्षमता उपयोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओडीओपी कंसल्टेंट अनुराग सिंह के सहयोग से केंद्र के संचालन को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
सीएफसी के निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि उनकी टीम किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार एवं लगातार गोष्ठियों के माध्यम से एसपीवी और किसान सदस्यों की संख्या बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में किसानों के साथ अनुबंधित खेती के माध्यम से 2000 हेक्टेयर क्षेत्र में कालानमक धान की रोपाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे सीएफसी की क्षमता का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि एसपीवी सदस्य एवं गैर-एसपीवी सदस्य किसान, जिनके पास 4 टन से अधिक कालानमक धान उपलब्ध होगा, उन्हें प्रसंस्करण एवं परिवहन की सुविधा निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
मुख्य अतिथि विधायक जय प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कालानमक किसानों के लिए सीएफसी की स्थापना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से सीएफसी से जुड़कर प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एवं विपणन संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में सीएफसी के पदाधिकारी, सदस्य किसान एवं बड़ी संख्या में कालानमक धान उत्पादक किसान उपस्थित रहे।


