दमकल टीम ने तीन झुग्गियों को जलने से बचाने की कोशिश में पाया आग पर काबू
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के न्यायखंड-3 में गुरुवार रात झुग्गियों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते तीन झुग्गियों और उनमें रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही वैशाली अग्निशमन केंद्र की टीम सक्रिय हो गई। त्योहारों के चलते बाजारों में लगे भीषण जाम ने दमकल वाहनों के सामने चुनौती खड़ी कर दी, लेकिन सीएफओ सौरभ सिंह के निर्देशन में टीम ने तत्काल वैकल्पिक इंतजाम करते हुए अतिरिक्त त्वरित प्रतिक्रिया वाहन रवाना कराया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग के अनुसार, पांच नवंबर की रात 8:31 बजे वैशाली अग्निशमन केंद्र को इंदिरापुरम में एक मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दो फायर टैंकर लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। हालांकि, दीपावली और छठ पर्व के चलते बाजारों में भारी भीड़ और जाम की स्थिति थी। ऐसे में दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वैशाली अग्निशमन केंद्र से एक अतिरिक्त एफक्यूआरवी (फायर क्विक रिस्पांस व्हीकल) भी रवाना की गई। साथ ही कंट्रोल रूम को जाम की स्थिति से अवगत कराया गया, ताकि राहत कार्य में समन्वय बना रहे।