शहर-राज्य

बाढ़ आपदा से निपटने को एनडीआरएफ व प्रशासन का संयुक्त मॉकड्रिल

राहत-बचाव कार्यों का किया प्रदर्शन।

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

बांसी/सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जनपद में संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गुरुवार को तहसील बांसी स्थित रानी मोहभक्त लक्ष्मी घाट पर व्यापक मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं इंसिडेंट कमांडर शिवशरणप्पा जीएन के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में एनडीआरएफ गोरखपुर, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, पीएसी, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। मॉकड्रिल के दौरान बाढ़ की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें स्थानीय लोगों द्वारा नदी में भीषण बाढ़ आने और पानी के आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और लगभग 50 मिनट के भीतर सभी राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। इसके बाद बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभियान चलाया गया। अभ्यास के दौरान एनडीआरएफ टीम ने नदी में डूबे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने तथा जीवन रक्षक उपायों का प्रदर्शन किया। टीम ने यह भी बताया कि घर में उपलब्ध संसाधनों की सहायता से अस्थायी राफ्ट तैयार कर आपदा के समय उसका उपयोग कैसे किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने घायलों के उपचार की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया, जबकि पेयजल आपूर्ति, पशुओं के चारे और राहत सामग्री वितरण की व्यवस्था से संबंधित विभागों ने अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि सिद्धार्थनगर बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील जनपद है। ऐसे में सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मॉकड्रिल में उपजिलाधिकारी बांसी निखिल चक्रवर्ती, क्षेत्राधिकारी बांसी, तहसीलदार बांसी, एनडीआरएफ के अधिकारी, आपदा मित्र, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 05442-97010 एवं 05442-97030 जारी करते हुए आपात स्थिति में तत्काल संपर्क करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button