ग़ाज़ियाबाद

आईटीएस डेंटल कॉलेज की पहल से 4800 लोगों को मिला दंत चिकित्सा का लाभ

गाजियाबाद। दांतों की बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आईटीएस डेंटल कॉलेज, मुरादनगर की ओर से अक्टूबर माह में विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाया गया। इसके तहत गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों और आवासीय सोसायटियों में दंत चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर लगभग 4800 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविरों में मरीजों की दांतों की जांच के साथ आवश्यक उपचार भी निशुल्क उपलब्ध कराया गया। आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरपी चड्ढा और वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और दांतों की सामान्य बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार करना रहा। संस्थान की ओर से साहिबाबाद, विजय नगर, फरीदनगर, ग्यासपुर, कल्लूगढ़ी, चिरोड़ी, कौशलया, राजनगर सेक्टर-23, कलछीना, बापूधाम, नंदग्राम, सुराना, डासना, लोनी, मानकी और लालकुआं सहित विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए गए। इसके अलावा क्लासिक रेजीडेंसी, एसोटेक द नेस्ट, एससीसी हाइट्स और हिमालयन तनिष्क जैसी आवासीय सोसायटियों में भी दंत चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। प्रत्येक शिविर में सबसे पहले मरीजों की मौखिक जांच की गई। चिकित्सकों ने दांतों की सडऩ, मसूड़ों की बीमारी और दंत फ्लोरोसिस जैसी समस्याओं के लक्षणों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। मरीजों को यह भी बताया गया कि अधिक मीठे और दांतों में सडऩ पैदा करने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से किस प्रकार बचा जा सकता है। लोगों की दंत रोगों से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। शिविरों में मरीजों को केवल परामर्श ही नहीं, बल्कि आवश्यकतानुसार उपचार भी उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकों ने दांतों की सफाई, खराब दांत निकालने, दांतों की सडऩ रोकने के लिए एपीएफ जेल लगाने, एक्स-रे करने और दांतों में मसाला भरने जैसी सुविधाएं प्रदान कीं। इसके साथ ही मरीजों को संस्थान में उपलब्ध आधुनिक दंत चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। इनमें डेंटल इंप्लांट, लैमिनेट्स, वेनीर्स, माइक्रोस्कोपिक रूट कैनाल उपचार, ब्रेसेस, एलाइनर्स और दांतों को सफेद करने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा हेयर ट्रांसप्लांट की सुविधा के बारे में भी बताया गया। संस्थान की ओर से भोजपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मुरादनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रही सेटेलाइट चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से भी मरीजों को निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अक्टूबर माह में आयोजित शिविरों से लाभान्वित मरीजों ने संस्थान की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button