शहर-राज्य

जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के 9 ब्लॉक में चुनाव का बिगुल,सभी नौ ब्लॉकों में 22 नवंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

29 को होगा मतदान

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा एवं महामंत्री संजय सिंह ने घोषित किया निर्वाचन कार्यक्रम

प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी बनाए गए जिला निर्वाचन अधिकारी

संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की शाखा जनपद संतकबीरनगर की सभी नौ ब्लॉक एवं नगर इकाइयों के निर्वाचन की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा एवं प्रदेश महामंत्री संजय सिंह की ओर से जारी निर्वाचन कार्यक्रम के बाद जिले में शिक्षक संघ के चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी को जिला निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शुक्रवार को निवर्तमान जिलाध्यक्ष अंबिका सिंह, निवर्तमान जिला मंत्री केसी सिंह एवं निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष जफीर अली कारखी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार 22 नवंबर 2026 को नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि 29 नवंबर को मतदान, मतगणना और परिणाम की घोषणा होगी।
निर्वाचन कार्यक्रम एक नजर में
■ नामांकन प्रक्रिया: 22 नवंबर 2026, सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक।
■ नाम वापसी: 22 नवंबर, दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक।
■ प्रत्याशियों की अंतिम सूची: 22 नवंबर को दोपहर एक बजे प्रकाशित होगी।
■ नामांकन स्थल: कंपोजिट विद्यालय खलीलाबाद, संतकबीरनगर।
■ मतदान: 29 नवंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक (आवश्यकता पड़ने पर)।
■ मतगणना: 29 नवंबर को मतदान समाप्त होने के बाद।
■ परिणाम घोषणा: 29 नवंबर को मतगणना पूर्ण होने पर।
■ मतदान स्थल: संबंधित ब्लॉक के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर।
नामांकन के लिए निर्धारित हैं नियम
निर्वाचन संबंधी निर्देशों के अनुसार नामांकन पत्र पर संबंधित ब्लॉक की साधारण सभा एवं मतदाता सूची के पांच सदस्य प्रस्तावक तथा प्रस्तावक से अलग पांच सदस्य समर्थक के रूप में हस्ताक्षर करेंगे। प्रत्याशी को निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर हस्ताक्षरों की पुष्टि भी करनी होगी। प्रत्येक नामांकन पत्र के लिए दो हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। नामांकन एवं मतदान के समय मतदाताओं को पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
निवर्तमान पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले की सभी नौ ब्लॉक इकाइयों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। महीनों से चुनाव को लेकर शिक्षकों के बीच उत्सुकता बनी हुई थी।चुनाव की घोषणा से शिक्षकों में चहल पहल बढ़ गई है।चुनाव तिथि की घोषणा का शिक्षकों ने स्वागत किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button