दिल्ली में चौकीदार की बेरहमी से हत्या, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

एहसान अंसारी
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी जिले के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत में चौकीदार की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। डेरावाल नगर स्थित मकान नंबर A-93 में 28 वर्षीय चौकीदार दिलीप कुमार की लोहे की रॉड और सब्बल से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को मॉडल टाउन थाना पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के मुगलसराय रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पैसों का विवाद और आपसी रंजिश मुख्य वजह बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को डेरावाल नगर स्थित निर्माणाधीन इमारत में एक व्यक्ति के बेहोशी की हालत में पड़े होने की PCR कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना पर मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान इमारत के पार्किंग क्षेत्र में चारपाई पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। मृतक के माथे और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान थे। उसकी पहचान 28 वर्षीय दिलीप कुमार के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी राहुल उर्फ गुलाब के बीच पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने गांव बिहार जाने के लिए मृतक से पैसे मांग रहा था, लेकिन पैसे नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके अलावा गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार को लेकर भी उनके बीच विवाद रहता था।
पुलिस जांच के अनुसार, 4 नवंबर को दोनों के बीच एक बार फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान शराब के नशे में आरोपी ने लोहे की रॉड और सब्बल से दिलीप कुमार के सिर, माथे और गर्दन पर कई वार किए। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO मॉडल टाउन इंस्पेक्टर अशोक गिरी की देखरेख में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी बिहार भागने की कोशिश कर रहा है।
इसके बाद पुलिस टीम ने रेलवे कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उत्तर प्रदेश के मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर तलाशी अभियान चलाया। ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों की तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ गुलाब को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 30 वर्ष बताई गई है और वह बिहार के भागलपुर जिले का रहने वाला है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है। इस संबंध में FIR नंबर 420/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम और रेलवे कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से हत्या के इस मामले को महज 12 घंटे के भीतर सुलझाने में सफलता मिली है।



