ग़ाज़ियाबाद

भीषण गर्मी में बिजली संकट ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, घंटों कटौती और ट्रिपिंग से बेहाल साहिबाबाद

साहिबाबाद। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने साहिबाबाद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। तापमान में लगातार वृद्धि के साथ बिजली की अनियमित आपूर्ति ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सुबह और रात के समय बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को गर्मी के साथ जल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार सुबह बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरों में पानी तक नहीं भर पा रहा है। मोटर न चल पाने के कारण लोगों को मजबूरन बोतलबंद पानी मंगाना पड़ रहा है, जिससे घरेलू खर्च भी बढ़ गया है। इंदिरापुरम, कौशांबी, वसुंधरा, वैशाली के साथ-साथ कड़कड़ मॉडल, राजेंद्रनगर, साहिबाबाद गांव, कनावनी और मकनपुर क्षेत्रों में प्रतिदिन दो से तीन घंटे बिजली गुल रहने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। राजेंद्रनगर क्षेत्र के निवासियों ने रविवार रात बिजली आपूर्ति को लेकर गंभीर आरोप लगाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के दौरान 20 से अधिक बार बिजली गई, जिससे पूरी रात लोगों को गर्मी में जागकर बितानी पड़ी। परेशान उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से शिकायत दर्ज कराने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी समस्या साझा की। लोगों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली कटौती की जा रही है, जिससे नागरिकों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। लाजपत नगर क्षेत्र के निवासियों ने भी सोमवार तड़के बिजली गुल होने की शिकायत की। स्थानीय निवासी आदि ने बताया कि अल सुबह बिजली न रहने से पानी की टंकी नहीं भर सकी और लोगों को दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लाजपत नगर सी-ब्लॉक में भी सुबह बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। वसुंधरा और वैशाली क्षेत्रों में दिनभर बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। स्थानीय निवासी राजेश के अनुसार क्षेत्र में लगभग रोजाना ट्रिपिंग हो रही है और कई बार आधे-आधे घंटे के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। अचानक बिजली जाने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान का भी खतरा बना रहता है। खोड़ा क्षेत्र की सरस्वती विहार कॉलोनी में स्थिति और गंभीर रही, जहां करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने की शिकायत सामने आई। भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष परेशानी उठानी पड़ी। इस संबंध में मुख्य अभियंता जोन-3 ब्रजेश कुमार ने बताया कि बढ़ते तापमान के कारण बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है, जिससे कुछ स्थानों पर तकनीकी फॉल्ट की समस्या सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि सभी बिजलीघरों पर टीमों को अलर्ट मोड में रखा गया है और शिकायत मिलते ही तत्काल समस्या का समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और जहां भी तकनीकी खराबी या ओवरलोड की समस्या सामने आ रही है, वहां त्वरित मरम्मत कार्य कराया जा रहा है ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button