2865 वर्गमीटर में फैला निर्माण ध्वस्त; विरोध के बीच चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कृष्णा विहार के पास लगभग 2865 वर्गमीटर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई बिना किसी रुकावट के पूरी कराई।
जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण और अनधिकृत विकास कार्यों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विशेष कार्याधिकारी एवं प्रभारी प्रवर्तन जोन-3 के नेतृत्व में कृष्णा विहार क्षेत्र के निकट किए जा रहे अवैध निर्माण को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार मौके पर जयपाल सिंह पुत्र सहजराम, गिरिराज सिंह, सोरन सिंह तथा धर्मपाल सिंह द्वारा बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के अनधिकृत निर्माण और विकास कार्य किया जा रहा था, जो विकास प्राधिकरण के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन था।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जीडीए की प्रवर्तन टीम बुधवार को मौके पर पहुंची और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त करना शुरू किया। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ स्थानीय निर्माणकर्ताओं और संबंधित लोगों ने विरोध जताया तथा अभियान को रोकने का प्रयास किया। हालांकि पहले से तैनात प्राधिकरण पुलिस और स्थानीय पुलिस बल ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित रखा, जिसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रही। कार्रवाई के दौरान जीडीए के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर, मेट सहित प्रवर्तन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय पुलिस और प्राधिकरण पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के कारण पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण और अवैध कॉलोनियों के विकास के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से अपील की गई कि किसी भी भूखंड पर निर्माण शुरू करने से पहले प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें। अवैध निर्माण कराने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
