शहर-राज्य

विवादित जमीन खरीदने-बेचने वाले हो जाएं सावधानडीएम बोले- ऐसे लोगों के लिए हमारी नई जेल खाली, अधिकारी हो भूमाफिया होगी सख्त कार्रवाई

बरेली के बहेड़ी में किसान सरदार भगवान सिंह की आत्महत्या के बाद जिले में जमीनों के फर्जीवाड़े और विवादित संपत्तियों की खरीद-फरोख्त को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बेहद कड़ा रुख अपना लिया है। डीएम ने दो टूक चेतावनी दी है कि जो भी लोग विवादित जमीन खरीदते-बेचते हैं या राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी करते हैं, और जो भी अधिकारी-कर्मचारी इस खेल में उनका साथ देते हैं, ऐसे सभी लोगों के लिए प्रशासन की नई जेल खाली है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ किसी भी स्तर पर रियायत नहीं बरती जाएगी और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बरेली की प्राइम लोकेशन बनी भूमाफियाओं के निशाने पर
डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि बरेली जनपद की भौगोलिक स्थिति बेहद महत्वपूर्ण है। एक तरफ उत्तराखंड की सीमा लगती है, तो दूसरी ओर रामपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं जैसे जिले सटे हुए हैं। इस बेहतरीन कनेक्टिविटी और लोकेशन के कारण बाहर के निवेशक और स्थानीय लोग यहां बड़े पैमाने पर इंडस्ट्री, फार्म हाउस और मकान बनाने के लिए जमीनें खरीद रहे हैं। जमीनों की बढ़ती डिमांड और आसमान छूते दामों का फायदा उठाने के लिए कुछ जालसाज सक्रिय हो गए हैं, जो पहले से बिक चुकी जमीनों को दोबारा बेचने और राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी करने की कोशिश कर रहे हैं।

लैंड सेल, बीडीए और नगर निगम से कराएं जमीन की जांच
आम नागरिकों और बाहर से आने वाले निवेशकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए डीएम ने खास अपील की है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने एडीएम प्रशासन की अध्यक्षता में एक विशेष ‘लैंड सेल’ का गठन किया है। इसमें जिले की सभी 6 तहसीलों के एसडीएम और राजस्व विभाग की एक बड़ी टीम शामिल है। डीएम ने अनुरोध किया है कि कोई भी बड़ी जमीन या प्रॉपर्टी खरीदने से पहले खरीदार प्रशासन के लैंड सेल, बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) या नगर निगम से उसके दस्तावेजों और स्थिति की जांच जरूर करा लें।

विवादित जमीन से बनाएं दूरी, वरना फंसेंगे कानूनी पचड़े में
डीएम ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि यदि किसी जमीन को लेकर जरा भी संदेह हो या पुराना विवाद चल रहा हो, तो ऐसी जमीन को खरीदने और बेचने से पूरी तरह परहेज करें। विवादित जमीन में पैसा लगाने पर खरीदार को लंबी न्यायिक प्रक्रिया में उलझना पड़ेगा, जिससे समय और पैसा दोनों बर्बाद होंगे और जिस उद्देश्य से जमीन ली गई है, वह भी पूरा नहीं हो पाएगा। उन्होंने साफ किया कि प्रशासन की नजर हर संदिग्ध सौदे पर है और गड़बड़ी करने वालों पर सीधी कार्रवाई तय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button