वादी संवाद दिवस पर थानों में उमड़े फरियादी, 180 लोगों ने जाना मुकदमों का हाल

गाजियाबाद। पुलिस और फरियादियों के बीच संवाद को मजबूत बनाने के लिए कमिश्नरेट में चलाया जा रहा वादी संवाद दिवस लगातार लोगों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। बुधवार, 25 नवंबर को आयोजित वादी संवाद दिवस के दौरान तीनों जोन के थानों में बड़ी संख्या में वादी पहुंचे। इस दौरान कुल 180 लोगों ने पुलिस अधिकारियों और विवेचकों से सीधे बातचीत कर अपने मुकदमों की प्रगति की जानकारी ली।
संवाद दिवस के दौरान फरियादियों ने विवेचना की स्थिति, अब तक हुई कार्रवाई और मामलों में आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्हें अपनी शिकायतों और मुकदमों से जुड़ी बात सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिला। इस पहल के जरिए पुलिस का प्रयास है कि मुकदमे दर्ज कराने के बाद वादियों को बार-बार भटकना न पड़े और उन्हें अपने मामलों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती रहे। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने बताया कि वादी संवाद दिवस का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। इससे फरियादियों की समस्याओं को समझने के साथ विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी भी साझा की जा सकती है। पुलिस कमिश्नरेट की इस पहल से पीडि़तों को अपनी बात सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।



