सड़क हादसे में घायलों को डेढ़ लाख तक मिलेगा कैशलेस इलाज

पीएम-राहत योजना के तहत सात दिन तक उपचार की सुविधा, मदद करने वाले राह-वीरों को 25 हजार का पुरस्कार।
वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने पीएम-राहत योजना शुरू की है। इसके तहत मोटर वाहन दुर्घटना में घायल पात्र व्यक्ति को अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार मिलेगा। यह सुविधा दुर्घटना की तिथि से अधिकतम सात दिनों तक उपलब्ध रहेगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य दुर्घटना के बाद गोल्डेन ऑवर में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना है। उन्होंने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी नामित अस्पताल पहुंचाने में मदद करें। जरूरत पड़ने पर आपातकालीन सेवा 112 की सहायता भी लें।उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले राह-वीरों (गुड समैरिटन) को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार योजना भी संचालित है। इसके तहत घायल व्यक्ति की जान बचाने में मदद करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये तक की पुरस्कार राशि दिए जाने का प्रावधान है।परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आगे आएं। किसी घायल की सहायता करना मानवीय और सामाजिक दायित्व है। समय पर मिली मदद किसी की जान बचा सकती है।



