काशीराम शहरी आवासों की गुणवत्ता की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में स्थित मान्यवर कांशीराम शहरी आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों की गुणवत्ता और उनकी रहने योग्य स्थिति की जांच के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार समिति में अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को अध्यक्ष बनाया गया है। परियोजना अधिकारी डूडा, सहायक अभियंता उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद बस्ती तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर को समिति का सदस्य नामित किया गया है। समिति कांशीराम शहरी आवास योजना के अंतर्गत बने भवनों की गुणवत्ता, संरचनात्मक स्थिति तथा उनके रहने योग्य होने का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत जांच करेगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जांच पूरी कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।




