शहर-राज्य

सोनौरा तप्पा नादेपार में रुकी चकबंदी प्रक्रिया शुरू कराने को प्रशासन ने की बैठक

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

जोगिया/सिद्धार्थनगर। नौगढ़ तहसील के ग्राम सोनौरा तप्पा नादेपार में लंबे समय से रुकी चकबंदी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय परिसर में प्रशासन और ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्याय)/उप संचालक चकबंदी डॉ. ज्ञान प्रकाश ने की। इस दौरान चकबंदी अधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव, सहायक चकबंदी अधिकारी राजेश मिश्रा, ग्राम प्रधान रीता, चकबंदी समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि प्रथम चक्र की चकबंदी से वे संतुष्ट हैं और गांव में चकरोड, सेक्टर मार्ग, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय तथा पंचायत भवन जैसी सुविधाएं पर्याप्त हैं, इसलिए नई चकबंदी को लेकर उनके मन में कुछ आशंकाएं हैं।
डॉ. ज्ञान प्रकाश ने ग्रामीणों को बताया कि द्वितीय चक्र की चकबंदी में केवल आवश्यक सार्वजनिक कार्यों के लिए नाममात्र की भूमि कटौती होगी। उन्होंने कहा कि इस बार ड्रोन, रोवर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से भूमि अभिलेखों का सटीक डिजिटलीकरण किया जाएगा, जिससे सीमांकन, चकरोड और नालियों का सही निर्धारण होगा तथा अवैध कब्जों पर रोक लगेगी। साथ ही बड़े आकार के खेत बनने से किसानों की खेती और आय में भी वृद्धि होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन की बातों को गंभीरता से सुना, हालांकि अंतिम सहमति अभी नहीं बन सकी। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गांव में पुनः बैठकें और चौपाल आयोजित कर किसानों से संवाद जारी रखने तथा आम सहमति बनाकर चकबंदी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button