सेवा संकल्प अभियान के तहत टीबी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित

पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से 43 लोगों की जांच, 13 संदिग्धों के बलगम के नमूने लिए
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला क्षय रोग केंद्र की ओर से गुरुवार को पुराना अस्पताल स्थित न्यू पीएचसी, मोहल्ला शेखचांद में टीबी स्क्रीनिंग कैंप लगाया गया। कैंप में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से लोगों की टीबी की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जोखिम वाले लोगों की स्क्रीनिंग के साथ ही उन्हें टीबी से बचाव और उपचार के प्रति जागरूक किया।कैंप से पहले अस्पताल से संबंधित आशाओं ने मोहल्ले में घर-घर जाकर ऐसे लोगों को चिन्हित किया, जिनमें टीबी का जोखिम अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है। इनमें शुगर के मरीज, 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग, धूम्रपान करने वाले, कुपोषण से प्रभावित व्यक्ति और ऐसे परिवार शामिल रहे, जिनके घर में पहले टीबी का मरीज रह चुका है। चिन्हित लोगों को कैंप में लाकर जांच कराई गई।न्यू पीएचसी के फार्मासिस्ट अमरेश कुमार ने मरीजों का निरीक्षण करने के साथ उनकी काउंसलिंग की। इसके बाद जिला क्षय रोग केंद्र की टीम ने स्क्रीनिंग प्रक्रिया आगे बढ़ाई। सीनियर सुपरवाइजर राजेश कुमार गंगवार और ठाकुर दास की मौजूदगी में एक्स-रे टेक्नीशियन आरती वर्मा ने पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से लोगों की जांच की।कैंप के दौरान कुल 43 लोगों का एक्स-रे किया गया। एक्स-रे जांच में टीबी के संदिग्ध पाए गए 13 लोगों के बलगम के नमूने मौके पर ही फाल्कन ट्यूब में एकत्र किए गए। नमूनों को सीबी-नैट जांच के लिए जिला क्षय रोग केंद्र भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्वास्थ्य संबंधी कार्रवाई की जाएगी।कैंप को सफल बनाने में क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं सायरा, राधिका गुप्ता, सोनी बाजपेई, गांधारी, सीमा सक्सेना समेत अन्य का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।



