शहर-राज्यस्वास्थ्य

सेवा संकल्प अभियान के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

– 175 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श

मथुरा/फरह। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूर्या फाउंडेशन एवं गोस्वामी चिकित्सालय, दीनदयाल धाम के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सर्वोदय हॉस्पिटल मथुरा के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम ने क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए।शिविर में कुल 175 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीनदयाल धाम के निदेशक सोनपाल, गोस्वामी चिकित्सालय के संचालक डॉ देवेन्द्र गोस्वामी, सूर्या फाउंडेशन के क्षेत्र प्रमुख आदर्श मिश्रा, सर्वोदय हॉस्पिटल मथुरा के डॉ कुशाल गुप्ता (हड्डी रोग विशेषज्ञ),डॉ अतुल चौधरी(इंटरनल जनरल फिजिशियन),डॉ श्वेता पनवार (स्त्री रोग विशेषज्ञ) व मैनेजमेंट से अनुज गोस्वामी के द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर स्वास्थ्य शिविर कैंप का शुभारंभ किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की बीपी,शुगर,थायराइड, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया तथा उपचार संबंधी सुझाव प्रदान किए।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

इस अवसर पर सूर्या फाउंडेशन के क्षेत्र प्रमुख आदर्श मिश्रा ने कहा कि सूर्या फाउंडेशन ग्राम विकास के लिए आदर्श गाँव योजना के अन्तर्गत पांच प्रमुख आयामों शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, समरसता एवं स्वावलंबन पर पूरे देश में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य आयाम के अंतर्गत “नर सेवा ही नारायण सेवा है” के सेवा भाव को लेकर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रम आवश्यक हैं।

गोस्वामी चिकित्सालय के संचालक डॉ देवेन्द्र गोस्वामी ने सर्वोदय हॉस्पिटल से आए चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने स्वास्थ्य की समय पर जांच कराने और विशेषज्ञ चिकित्सकों से उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

शिविर के दौरान राजकुमार झा,भगवत स्वरूप,सौम्य कुमार,रवीना,रूबी चौहान, तन्नू कुमारी,यतेंद्र कुमार, हरीश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button