सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक स्व. चौधरी ज्वाला प्रसाद के निधन पर शिक्षक संघ ने जताया शोक

मथुरा/बलदेव। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बलदेव के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वेंद्र सिंह बिट्टू के बाबा एवं अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक स्व. चौधरी ज्वाला प्रसाद के असामयिक निधन पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने जुगसना स्थित उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मांडलिक मंत्री कुलदीप सारस्वत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय ज्वाला प्रसाद जी का निधन समाज और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके पढ़ाए हुए छात्र-छात्राएं आज विभिन्न क्षेत्रों में अच्छे पदों पर कार्य करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष मुकुलकांत उपाध्याय ने कहा कि स्वर्गीय
ज्वाला प्रसाद जी एक सफल शिक्षक, मृदुभाषी, कर्मठ एवं समाजसेवी व्यक्तित्व के धनी थे। शिक्षकों के बीच भी उनकी विशेष लोकप्रियता थी।
इस अवसर पर संयुक्त मंत्री अनुपम शर्मा, अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष योगेश चौधरी सहित अन्य शिक्षक पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।



