सड़क किनारे पौधारोपण की मांग, समिति ने जिलाधिकारी को भेजा पत्र

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। नव नवयुग ग्राम विकास समिति ने क्षेत्र की प्रमुख सड़क के दोनों किनारों पर पौधारोपण कराने की मांग करते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। समिति का कहना है कि सड़क किनारे छायादार एवं फलदार वृक्ष लगाए जाने से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मिट्टी के कटाव पर भी रोक लगेगी।
समिति के संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी रामवृक्ष गुप्ता ने बताया कि इटवा ब्लाक के विधानसभा शोहरतगढ़ क्षेत्र के संग्रामपुर से गौरा, रसूलपुर, पकरैला, सलवनजोत होते हुए एकड़ेगवा तक लगभग सात किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों ओर पौधारोपण कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़ों की लगातार कटाई से पर्यावरण और मानव जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में सरकार के पौधारोपण अभियान को गति देने की जरूरत है। समिति के अध्यक्ष डॉ. जंग बहादुर चौधरी ने कहा कि सड़क किनारे पौधे बड़े होकर हरियाली बढ़ाने, शुद्ध वातावरण उपलब्ध कराने तथा भूमि संरक्षण और मिट्टी के कटाव को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने जिलाधिकारी से सड़क किनारे पौधारोपण के साथ ट्री गार्ड लगाने की भी मांग की।




