शारदा नदी का बढ़ा कटान, राणा प्रताप नगर पर मंडराया खतरा

गांव की ओर तेजी से बढ़ रही नदी की धार, समय रहते बचाव कार्य नहीं हुआ तो भारी नुकसान की आशंका
वेलकम इंडिया पीलीभीत
हजारा/पीलीभीत। हजारा क्षेत्र के राणा प्रताप नगर में शारदा नदी का कटान तेजी से बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। नदी लगातार गांव की ओर बढ़ती जा रही है, जिससे ग्रामीणों को अपने घरों और खेती की जमीन के अस्तित्व पर खतरा मंडराता नजर आ रहा है। कटान की रफ्तार यदि इसी तरह जारी रही तो आने वाले दिनों में गांव को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।ग्रामीणों के मुताबिक शारदा नदी की तेज धार लगातार जमीन को काट रही है। नदी का रुख आबादी की ओर होने के कारण ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। कई स्थानों पर नदी किनारे की जमीन तेजी से कटकर नदी में समाती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कटान रोकने के लिए समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति गंभीर हो सकती है।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर कटान की स्थिति का जायजा लेने और तत्काल बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नदी के कटान को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय किए जाने की आवश्यकता है। यदि समय रहते नदी के किनारे बचाव कार्य नहीं कराया गया तो खेतों के साथ-साथ आबादी क्षेत्र भी इसकी चपेट में आ सकता है।ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि लगातार कटान होने से नदी और गांव के बीच का फासला कम होता जा रहा है। ऐसे में बारिश और नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के दौरान खतरा और गंभीर हो सकता है। ग्रामीण रात-दिन नदी की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम भेजकर कटान का निरीक्षण कराया जाए और जरूरत के अनुसार पत्थर, परक्यूपाइन, बोरियां तथा अन्य प्रभावी बचाव सामग्री लगाकर नदी की धार को आबादी की ओर बढ़ने से रोका जाए। उनका कहना है कि यदि अभी ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बाद में होने वाले नुकसान की भरपाई करना मुश्किल होगा।


