विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से किया संवाद

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के भोजपुर ब्लॉक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने उपस्थित होकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से संवाद किया। विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने आंगनवाड़ी बहनों द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे सराहनीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके अनुभवों, सुझावों एवं कार्यक्षेत्र से जुड़ी आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता समाज के सबसे महत्वपूर्ण आधारभूत स्तर पर बच्चों, महिलाओं एवं परिवारों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं एवं कल्याणकारी प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने आंगनवाड़ी बहनों के समर्पण एवं सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों से समाज के अंतिम पायदान तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है।


