शहर-राज्य

रक्षाबंधन से पहले मिठाई की दुकानों पर छापेमारी, 77 किलो मिठाई सीज और 95 किलो नष्ट

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष छापामार अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के निर्देशन में टीम ने विभिन्न बाजारों में जांच की।अभियान के दौरान लोटन बाजार, नौगढ़ से बर्फी का एक नमूना लिया गया। वहीं खीरा मंडी चौराहा, डुमरियागंज से पेड़ा, बर्फी और मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए। जांच के दौरान 77 किलोग्राम पेड़ा, बर्फी और मिल्क केक मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर सीज किए गए। इसके अलावा 95 किलोग्राम पेड़ा, बर्फी और कलाकंद नष्ट कराया गया। कोनकटी चौराहा, डुमरियागंज से बालूशाही और बूंदी के लड्डू के नमूने भी लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के लिए जागरूक किया। अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य आरएल यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरा लाल, नीरज कुमार चौधरी और रंजन कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button