युवती की शीघ्र बरामदगी की मांग को लेकर थाने पर हंगामा; आंदोलन की चेतावनी

वेलकम इंडिया संवाददाता
मोदीनगर। मोदीनगर थाना क्षेत्र की नंद नगरी कॉलोनी से 14 जुलाई से लापता युवती का एक सप्ताह बाद भी कोई सुराग नहीं लगने पर सोमवार को परिजनों का सब्र जवाब दे गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मोदीनगर थाने पहुंचकर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई और युवती की शीघ्र बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा किया। मामले की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
परिजनों के अनुसार युवती 14 जुलाई को घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद युवती का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिवार गहरी चिंता और मानसिक तनाव में है।
इस दौरान हिंदू जागरण मंच के सह संयोजक पंकज शर्मा भी समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए युवती की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 21 जुलाई की शाम तक युवती का पता नहीं चलता है तो हिंदू जागरण मंच कार्यकर्ताओं के साथ मोदीनगर थाने पर धरना-प्रदर्शन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की तलाश के लिए विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों की सहायता से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही युवती का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा



