मिशन 2027 पर सीएम योगी का फोकस, पीलीभीत भाजपा नेताओं को एकजुट होकर मैदान में उतरने की नसीहत

संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर, गुटबाजी से दूर रहकर बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने के निर्देश
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार रात लखनऊ में पीलीभीत भाजपा के प्रमुख नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर जिले के राजनीतिक और संगठनात्मक हालात पर चर्चा की बात कही जा रही है। बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों के साथ संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी बातचीत हुई।भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में हुई इस मुलाकात में राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा और पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान शामिल रहे। बैठक में जिले में पार्टी की गतिविधियों, जनता से जुड़ाव और आगामी चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।बताया गया कि मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी तालमेल के साथ काम करने तथा सरकार की योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने चुनावी तैयारियों को लेकर सभी नेताओं को एकजुट होकर जिम्मेदारियां निभाने की बात कही।बैठक में संगठन के भीतर आपसी मतभेद और गुटबाजी से बचने का संदेश भी दिया गया। मुख्यमंत्री ने नेताओं से कहा कि पार्टी की गतिविधियों में सामूहिक प्रयास को प्राथमिकता दी जाए और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय कायम रखा जाए। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा आम लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लिया। अधिकारियों की कार्यशैली और जनता से जुड़े मामलों के निस्तारण के संबंध में जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि यदि किसी अधिकारी की कार्यप्रणाली सरकार की प्राथमिकताओं या जनहित के अनुरूप नहीं है तो इसकी जानकारी शासन स्तर तक पहुंचाई जाए।जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य से संगठन की मौजूदा गतिविधियों और जिले में चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा उनके बारे में जनता को जानकारी देने पर भी जोर दिया।बैठक के बाद जिले के भाजपा नेताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने की चर्चा तेज हो गई है। पार्टी स्तर पर बूथ से लेकर जिला संगठन तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए तैयारियों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया जा रहा है।



