शहर-राज्य

बिजली गुल होते ही थम जाती है पानी की सप्लाई

टंकी का टैंक नहीं भरने से ग्रामीण परेशान, तकनीकी खामी दूर कराने की मांग

वेलकम इंडिया पीलीभीत
गोरा/पीलीभीत।थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोरा में ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बनाई गई पानी की टंकी की व्यवस्था इन दिनों सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली रहने तक ही गांव में पानी की आपूर्ति हो पाती है। बिजली जाते ही पानी की सप्लाई भी बंद हो जाती है। इससे लोगों को घंटों तक पेयजल के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पानी की टंकी का टैंक पर्याप्त मात्रा में नहीं भर पा रहा है। बताया जा रहा है कि मोटर से टैंक तक पानी पहुंचाने वाली व्यवस्था में तकनीकी दिक्कत है। सप्लाई वाल्व में खराबी के कारण मोटर चलने के बावजूद टैंक में पर्याप्त पानी जमा नहीं हो पाता। ऐसे में बिजली उपलब्ध रहने के दौरान ही किसी तरह गांव में पानी की आपूर्ति की जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के तमाम परिवार पेयजल के लिए इसी व्यवस्था पर निर्भर हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होते ही पानी भी बंद हो जाने से सबसे अधिक परेशानी घरों में रोजमर्रा के कामकाज को लेकर होती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि टैंक पर्याप्त रूप से भरता रहे तो बिजली जाने के बाद भी कुछ समय तक पानी की सप्लाई जारी रह सकती है।पानी की टंकी के ऑपरेटर बाहिद खान ने बताया कि बिजली रहने तक गांव में पानी की आपूर्ति की जाती है। बिजली जाते ही सप्लाई बंद हो जाती है। उन्होंने बताया कि सप्लाई वाल्व में खराबी के कारण मोटर से टैंक में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे टैंक भरने में दिक्कत हो रही है।ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से पानी की टंकी, मोटर, सप्लाई वाल्व और पाइपलाइन व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि तकनीकी खामी जल्द दूर कर टैंक को पर्याप्त रूप से भरने की व्यवस्था की जाए, ताकि गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button