बाड़ी पुलिस एवं पूर्व सैनिकों की अभिनव पहल।

‘जीवन रक्षा,सड़क सुरक्षा’ अभियान के तहत यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
बाड़ी धौलपुर। महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज भरतपुर एवं जिला पुलिस अधीक्षक धौलपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा अभियान” के तहत थाना बाड़ी कोतवाली पुलिस द्वारा पूर्व सैनिकों के सहयोग से एक अभिनव पहल की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान थाना बाड़ी क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने अपने निर्धारित गणवेश में यातायात व्यवस्था को संभालते हुए वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी दी। पूर्व सैनिकों द्वारा दुपहिया एवं चौपहिया वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना करने की अपील की गई।
जागरूकता अभियान में बाड़ी थाना के यूथ सीएलजी सदस्यों द्वारा भी सहयोग प्रदान किया गया।
इस दौरान हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले दुपहिया वाहन चालकों को गुलाब पुष्प भेंट कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले लोगों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करते हुए मार्मिक रूप से समझाइश दी गई तथा भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
साथ ही, ट्रैफिक पुलिस बाड़ी एवं कोतवाली थाना पुलिस द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध इन्फोर्समेंट कार्रवाई करते हुए 18 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
बाड़ी थाना पुलिस द्वारा पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर चलाया गया यह यातायात जागरूकता अभियान क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय एवं अभिनव पहल साबित हुआ।

