पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने समेत तीन मांगों को लेकर शिवसेना का प्रदर्शन

मुरादाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य का दर्जा देने, क्षेत्र में एम्स की स्थापना और इलाहाबाद उच्च न्यायालय की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने की मांग को लेकर शिवसेना की मुरादाबाद इकाई ने जिला मुख्यालय पर ज़ोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी जिला प्रमुख नन्हे चौधरी के नेतृत्व में अंबेडकर पार्क से जुलूस की शक्ल में जिला कलेक्ट्रट पहुंचे ओर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम तीन सूत्रीय ज्ञापन प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व शिवसेना जिला प्रमुख नन्हें चौधरी ने किया। शिवसेना राज्य प्रमुख पश्चिमी उत्तर प्रदेश ललित मोहन शर्मा के नेतृत्व में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में यह प्रदर्शन आयोजित किए जाने की बात पदाधिकारियों ने कही।
शिवसेना के प्रदेश सचिव रामप्रसाद प्रजापति ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को इलाहाबाद उच्च न्यायालय तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे वादकारियों और अधिवक्ताओं पर समय व आर्थिक भार पड़ता है। उन्होंने क्षेत्र में हाईकोर्ट की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने की मांग उठाई।
मंडल प्रमुख गुड्डू सैनी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश कृषि, उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता है। क्षेत्र की प्रशासनिक जरूरतों और संतुलित विकास को देखते हुए इसे अलग राज्य का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स की स्थापना की मांग भी रखी।
इस दौरान महानगर प्रमुख मनोज कुमार, जिला उप प्रमुख हर्षित अग्रवाल, जिला सचिव मोहित रस्तोगी, जिला मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, मंडल सचिव मंगली सैनी, रत्नेश झा, सुनील सैनी, विनय कश्यप, मुकेश सक्सेना, पंकज प्रजापति, ओम प्रकाश सैनी, अमित चौधरी, सचिन सैनी, जीतू प्रजापति, राहुल प्रजापति समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


