नवागत जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक ने जिलाधिकारी संत कबीर नगर के पद पर किया कार्यभार ग्रहण

जन-कल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन एवं जन-समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वाेच्च प्राथमिकता-डीएम
संतकबीरनगर। जनपद के नवागत जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक ने आज पूर्वांन्ह कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहॅुंचकर डबल लॉक में जरूरी अभिलेखों पर हस्ताक्षर कर जिलाधिकारी संत कबीर नगर के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जनपद संत कबीर नगर की नवागत जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक 2017 बैच की आई0ए0एस0 अधिकारी हैं। इससे पहले श्रीमती मलिक गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) व जनपद कुशीनगर में मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न जनपदों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
नवागत जिलाधिकारी के आगमन पर अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, उप जिलाधिकारीगण व सूचना अधिकारी सहित उपस्थित समस्त अधिकारियों ने जनपद में नवागत जिलाधिकारी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए उन्हें पुष्प बुके भेंट किया।
नवागत जिलाधिकारी ने जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट कक्ष में सूक्ष्म परिचयात्मक बैठक में समस्त अधिकारियों का परिचय जाना तथा उनसे मुखातिब होते हुए कहा कि शासन की नीतियों एवं विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी/लाभार्थीपरक योजनाओं का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करना तथा आम जनता की समस्याओं को सुनना और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों/कर्मचारियों का जिम्मेदारीपूर्ण रवैया एवं सहयोग अपेक्षित है।
इस अवसर पर उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल व सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण, कलेक्ट्रेट के अधिकारी/कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।



