
दिल्ली मेरठ मुख्य मार्ग पर दिन भर रही बनी रही जाम की स्थिति
अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )।निकटवर्ती गांव सीकरी खुर्द में चैत्रमास के नवरात्र पर शक्ति,भक्ति और श्रद्धा का प्रतीक महामाया देवी के मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्र के चौथे दिन श्रद्धालुजनों की भीड़ के कारण दिल्ली मेरठ मुख्य मार्ग पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। षष्टमी, सप्तमी और अष्टमी पर लाखों की संख्या में यहां श्रद्धालु महामाया देवी के दर्शन को आते हैं। चैत्र नवरात्रों पर महामाया देवी के मंदिर में दर्शन के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ही नहीं बल्कि राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और दूसरे दूरदराज इलाकों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इस महामाया देवी मंदिर के बारे में कहते हैं कि यह पांच सौ वर्ष से भी अधिक प्राचीन है। यह एक प्रकार से सिद्ध पीठ है। कहते हैं कि जिस स्थान पर यह मंदिर है वहां गंव के ही एक भक्त जालिम गिरि को महामाया देवी ने साक्षात दर्शन दिए थे। इस चमत्कारी घटना के बाद यहां एक छोटा सा मंदिर बनाया गया जो कि आज विशाल और भव्य रूप ले चुका है।
मंदिर में देवी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु प्रसाद के रूप में नारियल, चुनरी, चबौनी और श्रृंगार का सामान चढ़ा मनौतियां मनाते है। किसी समय तक यहां आने वाले श्रद्धालुओं में गांव के लोगों की संख्या ही अधिक होती थी लेकिन पिछले तीन दशकों से देखने में आ रहा है कि यहां शहरी श्रद्धालुओं की संख्या हर साल बढ़ती ही जा रही है। अब पहले नवरात्र से यहां देवी के भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो जाती है। षष्टमी सप्तमी और अष्टमी को तो यहां आने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। इस दौरान पुलिस प्रशासन को व्यवस्था बनने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है। यह महामाया देवी मंदिर जंग.ए.आजादी के इतिहास से भी जुड़ा है। मंदिर परिसर में एक विशाल वट वृक्ष है। कहते हैं कि अंग्रेजों ने 1857 में जंग ए आजादी में शामिल इस गंव के 131 युवाओं को इस वट वृक्ष पर लटकाकर फांसी दी थी। यहां आने वाले श्रद्धालु जहां मंदिर में प्रसाद चढ़ाते हैं वहीं अनेक श्रद्धालु इस वट वृक्ष पर कलावा आदि बांधकर उन शहीदों को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं और मनौतियां मनाते हैं।
यह गांव मोदीनगर नगर पालिका परिषद की सीमा क्षेत्र में आने के बाद मेले की व्यवस्था नगर पालिका परिषद देख रही है। इसके चेयरमैन विनोद वैशाली और अधिशासी अधिकारी नरेंद्र कुमर मिश्र मोदीनगर की एसडीएम अजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मेले की व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। इस बार चैत्र नवरात्र पर शुभारंभ भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया और पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली नेपूरे विधि विधान के साथ फीता काटकर किया।



