नवनियुक्त भाजपा प्रदेश मंत्री का पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश सैनी के आवास पर हुआ सम्मान समारोह

प्रदेश मंत्री ने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का किया आह्वान
नितिन शर्मा
धनौरा (वेलकम इंडिया)। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी का नगर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। लखनऊ में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की परिचय बैठक से लौटते समय वह पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश सैनी के आवास पर रुकीं, जहां उनके सम्मान में एक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा फूल-मालाओं से स्वागत किया।
पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश सैनी व उनकी पत्नी डोली सैनी ने प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी को शॉल ओढ़ाकर व बुके भेंट कर सम्मानित किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
इस दौरान प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां समर्पित कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और निष्ठा के आधार पर जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा उन्हें जो दायित्व दिया गया है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया जाएगा तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करे। भाजपा की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिला है।
दीपमाला संतोषी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवाओं को रोजगार के अवसर, सड़क, रेल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण भारत आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है।
पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि दीपमाला संतोषी को प्रदेश मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया जाना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी मेहनत को महत्व देने वाली पार्टी रही है।
कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं के समाधान एवं सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के उपरांत प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी सभी का आभार व्यक्त करते हुए अपने पैतृक गांव सुंदर के लिए रवाना हो गईं।
इस अवसर पर डोली सैनी, शारदा सैनी, अनीता रानी, दिनेश सैनी, विनीत शर्मा, सौरभ चौधरी, ओमप्रकाश सैनी, ललित सैनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।



