शहर-राज्य

देहरादून रोड फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, चार शोरूम जलकर राखदो घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू, कॉलोनी में मची अफरा-तफरी

राजीव मोंगरा
दैनिक वेलकम इंडिया
सहारनपुर। देहरादून रोड स्थित फर्नीचर मार्केट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से चार फर्नीचर शोरूम जलकर राख हो गए। आग की शुरुआत एक लकड़ी के गोदाम से हुई, जहां पहले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के शोरूमों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि करीब 500 मीटर दूर से धुएं का गुबार और ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की आठ गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया, लेकिन लकड़ी और फर्नीचर का भारी स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैलती रही। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार सबसे पहले आग गंगा फर्नीचर में लगी, जिसके बाद आग फैलकर शक्ति फर्नीचर, अमन फर्नीचर और नमन फर्नीचर तक पहुंच गई। अधिकांश शोरूमों के ऊपरी हिस्से आग की चपेट में आए, जबकि शक्ति फर्नीचर के गोदाम तक भी आग पहुंच गई। आग का असर शोरूमों के पीछे स्थित खान आलमपुरा कॉलोनी तक भी पहुंचा। आग के दौरान एक दीवार गिरने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। एहतियात के तौर पर लोगों ने अपने घरों से गैस सिलेंडर बाहर निकाल लिए और सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलने पर शोरूम संचालक मौके पर पहुंचे और शटर खोलकर नीचे रखा सामान बाहर निकालने का प्रयास किया, ताकि नुकसान कम किया जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button