ग़ाज़ियाबाद

इंदिरापुरम में कथित तंत्र-मंत्र को लेकर हंगामा, अवैध गतिविधियों का आरोप लगाकर पुलिस को सौंपा ज्ञापन

साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के शक्तिखंड स्थित एक इमारत में कथित तंत्र-मंत्र और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर मंगलवार रात जमकर हंगामा हुआ। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और हरनंदी महानगर के कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों ने इमारत के बाहर प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। लोगों का आरोप है कि इमारत की छत पर बने एक ढांचे में कथित रूप से तांत्रिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जिससे आसपास के निवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार यह एक बिल्डर फ्लोर है, जिसकी तीसरी मंजिल पर एक महिला अपने कुछ साथियों के साथ रह रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां लंबे समय से तंत्र-मंत्र, काला जादू और अन्य कथित तांत्रिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इस संबंध में सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता स्थानीय निवासियों के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों का दावा है कि जब उन्होंने छत पर बने ढांचे की जांच की तो वहां कुछ संदिग्ध वस्तुएं मिलीं। इनमें खोपड़ी और कंकाल जैसी प्रतीत होने वाली सामग्री, पुतले और अन्य सामान शामिल थे। स्थानीय लोगों ने इन वस्तुओं को कथित तांत्रिक गतिविधियों से जुड़ा बताते हुए नाराजगी जताई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी कराई। स्थानीय निवासियों ने मामले में लिखित शिकायत देकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही लोगों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर ज्ञापन भी सौंपा और सुरक्षा की दृष्टि से ऐसी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और लोगों में डर का वातावरण बन गया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। विश्व हिंदू परिषद के एक पदाधिकारी ने बताया कि संबंधित फ्लैट गुरुग्राम निवासी एक महिला का है, जिसने इसे किराये पर दिया हुआ है। आरोप है कि फ्लैट में रहने वाली महिला खुद को तांत्रिक बताती है और कथित रूप से इसी प्रकार की गतिविधियां संचालित कर रही थी। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण से भी शिकायत करते हुए छत पर बने ढांचे को अवैध निर्माण बताया है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण नियमों के विरुद्ध पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल संबंधित महिला को कथित गतिविधियां बंद करने की चेतावनी दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button