त्योहारों में सौहार्द बनाए रखने की अपील, डीजे संचालकों को दी हिदायत

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
बिस्कोहर/सिद्धार्थंनगर। गणेश चतुर्थी और विश्वकर्मा पूजा को लेकर रविवार शाम पुलिस चौकी बिस्कोहर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिस्कोहर सहित सिकौथा, इमिलिया, लमुइया, फूलपुर राजा , बस्ती बरगदवा और आसपास के गांवों के पूजा आयोजक , डीजे संचालक व क्षेत्रीय लोग शामिल हुए। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और अफवाह फैलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीजे संचालन को लेकर भी आयोजकों और संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए। डीजे संचालकों को फूहड़ एवं आपत्तिजनक गाने न बजाने, निर्धारित ध्वनि सीमा में ही डीजे बजाने तथा डीजे के ऊपर किसी व्यक्ति को न बैठाने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने कहा कि त्योहार के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चौकी प्रभारी अमित कुमार शाही ने पूजा आयोजकों से पंडालों में आवश्यक व्यवस्थाएं रखने और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। बैठक के दौरान पूजा आयोजकों से प्रतिमा विसर्जन स्थलों की स्थिति और साफ-सफाई के बारे में भी जानकारी ली गई।आयोजकों ने कुछ विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई और व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग रखी। इस पर थानाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर विसर्जन स्थलों की व्यवस्था ठीक कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान लेखपाल पन्ना लाल यादव, सुरेश पांडेय, प्रिंस पांडेय, मोहम्मद आरिफ, नृपेंद्र सिंह, पप्पू पांडेय, किशन पासवान, रोहित भोजवाल, लवकुश कश्यप, राम नरेश पासवान समेत पूजा आयोजक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



