शहर-राज्य

डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़ ने सुनीं सैकड़ों शिकायतें- कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों की समस्याओं पर हुआ त्वरित निस्तारण

गाजियाबाद। जिला प्रशासन को आमजन के और अधिक करीब लाने की दिशा में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित कई विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र और शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम की सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश से लाइव कनेक्टिविटी के माध्यम से मॉनिटरिंग भी की जा रही है। इस व्यवस्था के चलते जनसुनवाई प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनी हुई है। जिलाधिकारी ने बताया कि जन शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनमानस की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जन शिकायतें सुनी जाएं। इस दौरान अधिकारी जूम प्लेटफॉर्म पर लाइव रहेंगे, जिससे किसी भी शिकायत पर तुरंत संबंधित अधिकारी से संपर्क कर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने जूम के माध्यम से अधिकारियों से सीधे संवाद स्थापित कर लंबित मामलों की जानकारी ली और शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए कुछ पात्र लोगों के राशन कार्ड के आवेदन भी तत्काल करवाए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की सक्रिय कार्यशैली और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैये से जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ता दिखाई दिया। कार्यक्रम में एडीएम सिटी विकास कश्यप सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का कहना है कि जनता दर्शन के माध्यम से शासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे शिकायतों का समाधान तेजी से संभव हो पा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button