ग़ाज़ियाबाद

डीएम ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए कार्यवाही के तत्काल निर्देश, दिव्यांगजनों को मिली नई राह 

गाजियाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन को जनता के और अधिक करीब लाने की दिशा में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम एक बार फिर संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था का उदाहरण बनकर सामने आया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिन पर मौके पर ही सुनवाई करते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनता दर्शन में राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, कृषि विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में प्रार्थना पत्र एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश से लाइव कनेक्टिविटी के माध्यम से कार्यक्रम की मॉनिटरिंग भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जन शिकायतें सुनें तथा जूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से लाइव उपलब्ध रहें। इससे शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी समाप्त होगी और नागरिकों को तत्काल राहत मिल सकेगी। जनता दर्शन के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने जूम के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित कर शिकायतों की जानकारी दी और स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी होना चाहिए। प्रशासन की इस सक्रियता से उपस्थित नागरिकों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की मानवीय संवेदनशीलता भी विशेष रूप से दिखाई दी जब दिव्यांगजन कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ द्वारा दिव्यांग महिला श्रीमती दीनमनी शर्मा को श्रवण यंत्र एवं मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, जबकि दूसरे लाभार्थी श्री दीपक को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। सहायता प्राप्त करने के बाद दोनों दिव्यांगजनों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे अपने जीवन में बड़ा बदलाव बताया। दीनमनी शर्मा ने भावुक होकर कहा कि जनता दर्शन में अपनी समस्या रखने के बाद जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता के साथ सुनवाई की और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई, जिससे उनका दैनिक जीवन काफी आसान हो गया है। वहीं दीपक ने भी ट्राइसाइकिल मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी का धन्यवाद किया और इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग बताया। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम (न्यायिक) अंजुम बी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से दर्ज करते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी की पहल से स्पष्ट है कि प्रशासन जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए न केवल शिकायतों का समाधान कर रहा है, बल्कि जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। जनता दर्शन कार्यक्रम आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनता जा रहा है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान की नई उम्मीद मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button