ग़ाज़ियाबाद

जनता दर्शन में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने सुनी जनसमस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश

-बीमार महिला को आर्थिक सहायता, दिव्यांग को मिली स्कूटी और योजनाओं का लाभ

गाजियाबाद। नए माह की शुरुआत आमजन के लिए राहत और खुशियों की सौगात लेकर आई, जब जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान जनसुनवाई करते हुए कई जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं का समाधान किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनकी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया। जनता दर्शन के दौरान राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा निर्माण विभाग से संबंधित अनेक प्रार्थना पत्र और शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दायित्व निभाते समय अधिकारियों को मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि जनता को वास्तविक राहत मिल सके। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनसुनवाई व्यवस्था की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश से लाइव संपर्क के माध्यम से की जा रही है। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आम जनता की शिकायतें सुनी जाएं और ऑनलाइन माध्यम से लगातार जुड़े रहकर समस्याओं का समाधान किया जाए। जनता दर्शन के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा जिलाधिकारी ने ऑनलाइन माध्यम से संबंधित अधिकारियों से संवाद कर शिकायतों के समाधान के आदेश दिए। जनसुनवाई के दौरान प्रशासन की मानवीय पहल उस समय देखने को मिली जब रामप्रसाद सिंह ने अपनी पत्नी की गंभीर बीमारी से जुड़ी आर्थिक समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उनकी पत्नी कैंसर, पथरी और हृदय रोग से पीडि़त हैं तथा आर्थिक तंगी के कारण उपचार प्रभावित हो रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर स्वयं चेक प्रदान किया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली। इसी प्रकार चन्द्रपुरी निवासी दिव्यांग अनिल कुमार ने राशन कार्ड, आयुष्मान स्वास्थ्य योजना और स्वरोजगार के लिए स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया और हमदर्द नेशनल फाउंडेशन (इंडिया), दिल्ली के सहयोग से स्कूटी प्रदान की गई, जिससे उनके रोजगार के अवसर बढ़ सकेंगे और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई शुरुआत हुई। जनता दर्शन में एक अन्य संवेदनशील प्रकरण महिन्द्रा इन्क्लेव शास्त्री नगर निवासी अंकुर शर्मा का सामने आया, जो वर्ष 2020 में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लंबे उपचार के कारण परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। जिलाधिकारी ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उनकी बहन अंजली शर्मा की शिक्षा संबंधी समस्या का समाधान कराया। प्रशासन की ओर से शैक्षिक ऋण की व्यवस्था कराई गई तथा कक्षा 10वीं और 12वीं की फीस जमा कराकर उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद की गई। साथ ही भविष्य में आने वाली अन्य समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया गया। जिलाधिकारी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति की समस्या का समाधान संबंधित विभाग स्तर पर नहीं हो रहा है, तो वह सीधे प्रशासन से संपर्क करे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समाज में कोई पीडि़त, असहाय या निराश्रित व्यक्ति मिले तो उसे प्रशासन तक पहुंचाया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जीडीए सचिव विवेक मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी ई ज्योति मौर्य, अपर जिलाधिकारी भूमि अर्जन अवनीश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली से आम नागरिकों में विश्वास और संतोष का वातावरण देखने को मिला। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button