हनुमान जयंती पर चौपला हनुमान मंदिर बनेगा आस्था का महासंगम-श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य में दिनभर चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान

गाजियाबाद। सिद्धपीठ प्राचीन श्री हनुमान मंदिर चौपला में हनुमान जयंती के अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। गुरुवार 2 अप्रैल को आयोजित होने वाला श्री हनुमान जन्मोत्सव इस वर्ष विशेष आध्यात्मिक माहौल और भव्य व्यवस्थाओं के कारण ऐतिहासिक बनने जा रहा है। मंदिर परिसर को दिव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर सजावट और धार्मिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता तथा दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज की अध्यक्षता एवं पावन सानिध्य में होने वाला यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। महाराजश्री ने बताया कि इस बार हनुमान जयंती पर गुरुवार का विशेष संयोग बन रहा है, जो भगवान विष्णु, भगवान सत्यनारायण और गुरु बृहस्पति को समर्पित माना जाता है। भगवान श्रीराम स्वयं भगवान विष्णु के अवतार हैं, इसलिए यह दिन अत्यंत पुण्यदायी माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि ध्रुव योग, हस्त नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्धि योग के दुर्लभ संयोग में मंदिर में पूजा-अर्चना करने से भक्तों के सभी संकट दूर होंगे तथा जीवन में सुख-समृद्धि और मंगल की प्राप्ति होगी। बाबा का विशेष पुष्प श्रृंगार और फूलों से सजी भव्य गैलरी इस बार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। मंदिर परिसर के साथ-साथ चौपला क्षेत्र के चारों प्रवेश द्वारों को देश के विभिन्न शहरों से मंगाए गए फूलों से सजाया जा रहा है। पार्षद राजीव शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा सजावट और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे आने वाले भक्तों को दिव्यता का अनुभव हो सके। मंदिर समिति के पदाधिकारियों के अनुसार धार्मिक कार्यक्रम प्रात: 4 बजे से प्रारंभ हो जाएंगे। स्नान के पश्चात बाबा की महाआरती होगी तथा उन्हें चोला अर्पित किया जाएगा। प्रात: 9:30 बजे पवन चिंतन धारा मिशन द्वारा सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। दोपहर 11:30 बजे आरती के बाद भोग प्रसाद अर्पित किया जाएगा तथा दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। अपराह्न 4 बजे सिद्धबली मंदिर कोटद्वार की ओर से सुंदरकांड पाठ होगा, जबकि सायं 5:30 बजे पुन: आरती और भोग प्रसाद लगाया जाएगा। इसके बाद दिल्ली से आए कलाकारों द्वारा भजन प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। सायं 6:45 बजे बाबा की महाआरती एवं महादेव का भव्य श्रृंगार किया जाएगा।
रात्रि 7:30 बजे भावना शर्मा (गाजियाबाद) एवं गौरी अग्रवाल (इंदौर) की भजन संध्या आयोजित होगी, जबकि रात्रि 9:45 बजे श्री रामायण भवन हरि संकीर्तन सभा द्वारा संकीर्तन किया जाएगा। रात्रि 11:45 बजे अंतिम महाआरती के साथ पूरे दिन के धार्मिक आयोजनों का समापन होगा। मंदिर के मुख्य पुजारी ईश्वर पंडित अपनी टीम के साथ बाबा का अलौकिक श्रृंगार करेंगे तथा पूजा-अर्चना का संचालन पुजारी अनुपम और पंडित रामलाल द्वारा कराया जाएगा। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाएं पार्षद राजीव शर्मा एवं मनीष काबली परिवार के मार्गदर्शन में संपन्न होंगी। हनुमान जयंती पर देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वयं श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज तैयारियों की निरंतर निगरानी कर रहे हैं ताकि भक्तों को दर्शन, पूजा और प्रसाद वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो। भक्त पवन कुमार शाह, ऋषभ कुमार मिश्रा, अर्जुन, यथार्थ बंसल, यश मोहन गर्ग, लक्की, साहिल, कृष्णा गर्ग, कृष्णा गुप्ता, हर्षित एवं पुष्कर सहित अनेक श्रद्धालु भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।
हनुमान जयंती के इस पावन अवसर पर चौपला हनुमान मंदिर एक बार फिर आस्था, सेवा और भक्ति का विराट केंद्र बनने जा रहा है, जहां संकटमोचन श्री हनुमान जी की कृपा पाने के लिए श्रद्धालुओं की आस्था उमडऩे को तैयार है।



