छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, मुकदमा दर्ज

बाल अपचारी हिरासत में, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बालिका के साथ कथित दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पूरनपुर नगर के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला की छह वर्षीय पुत्री पड़ोस के गांव स्थित अपनी नानी के घर गई हुई थी। बुधवार शाम बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान बालिका घर से बाहर निकली। आरोप है कि पड़ोस का एक किशोर उसका मुंह दबाकर जबरन पास के शौचालय में ले गया। वहां उसने अपने और बालिका के कपड़े उतारकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
बताया जाता है कि बालिका की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद एक अन्य किशोर मौके पर पहुंच गया। उसे आता देख आरोपी वहां से भाग निकला और बालिका सुरक्षित बाहर आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़िता के परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पवन पांडे ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही बालिका को नियमानुसार आवश्यक सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।


