दिल्ली

अलीपुर में पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, नीरज बवाना-नवीन बाली गैंग का सक्रिय बदमाश गिरफ्तार

एहसान अंसारी


नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले में देर रात पुलिस और एक कुख्यात गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें नीरज बवाना-नवीन बाली गैंग का सक्रिय सदस्य सविंदर उर्फ बाबा उर्फ पागल पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की रात करीब 10 बजे स्पेशल स्टाफ और थाना अलीपुर की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात बदमाश सविंदर उर्फ बाबा उर्फ पागल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जीटीके रोड से हिरणकी पुश्ता रोड की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर ट्रैप लगाया।
जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपी को रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, उसने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर विशाल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। मुठभेड़ में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
घायल बदमाश को पहले राजा हरिश्चंद्र अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस (7.65 एमएम) और दो खोखा कारतूस (9 एमएम) बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, सविंदर उर्फ बाबा उर्फ पागल, गांव सनोथ, नरेला का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह अलीपुर और नरेला क्षेत्र में व्यापारियों और प्रॉपर्टी डीलरों से उगाही कर दहशत फैलाने का काम कर रहा था।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नीरज बवाना-नवीन बाली गैंग के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button