दिल्ली

रक्षाबंधन पर ‘ऑपरेशन विश्वास’ का तोहफा, मॉडल टाउन थाना पुलिस ने 30 से ज्यादा लोगों को लौटाए मोबाइल

एहसान अंसारी 

——————-

नई दिल्ली | नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट रक्षाबंधन के पावन अवसर पर नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के मॉडल टाउन थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए गुम और चोरी हुए 30 से अधिक मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी और राहत साफ दिखाई दी।

काफी समय से अपने मोबाइल फोन वापस मिलने का इंतजार कर रहे नागरिकों के लिए यह पल बेहद खास रहा। पुलिस द्वारा मोबाइल फोन सौंपे जाने के बाद खासकर लड़कियों और महिलाओं के चेहरों पर खुशी की मुस्कान लौट आई। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने दिल्ली पुलिस का आभार जताया।

रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस और नागरिकों के बीच अपनत्व और विश्वास की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। मोबाइल फोन लोगों के लिए केवल एक डिवाइस नहीं, बल्कि उसमें जरूरी संपर्क, महत्वपूर्ण जानकारियां और निजी यादें भी जुड़ी होती हैं। ऐसे में मोबाइल वापस मिलना उनके लिए बड़ी राहत और खुशी का कारण बना।

इस मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुरेश चंदर, थाना मॉडल टाउन के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अशोक गिरी, अतिरिक्त थाना प्रभारी निरीक्षक (एडिशनल एसएचओ) देवीलाल सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मोबाइल रिकवरी टीम में हेड कांस्टेबल राज सिंह और कांस्टेबल प्रदीप ने मोबाइल फोन की बरामदगी और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यमों एवं पुलिस की कार्रवाई के जरिए बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

मॉडल टाउन थाना पुलिस की इस पहल से पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास, सहयोग और अपनत्व की भावना और मजबूत हुई। रक्षाबंधन के मौके पर सामने आई यह तस्वीर यह संदेश देती है कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय नागरिकों की मदद करना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button