शहर-राज्य

तेंदुआ दिखने से दहशत, किसान का दावा ट्रैक्टर पर किया झपटा

बुलंदशहर.नरसेना थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव में तेंदुआ देखे जाने के दावे से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। देर रात खेतों पर काम कर रहे एक किसान ने तेंदुआ दिखाई देने और उसके ट्रैक्टर पर झपट्टा मारने की बात कही है।
मिली जानकारी के अनुसार पिलखनी गांव निवासी पिंकू किसान देर रात ट्रैक्टर लेकर गेहूं का भूसा भरने खेतों पर गए थे। इसी दौरान खेत के पास उन्हें एक बड़ा तेंदुआ दिखाई दिया। किसान का दावा है कि तेंदुए ने उनके ट्रैक्टर पर झपट्टा मारने की कोशिश भी की, जिससे वह घबरा गए।
किसान ने बताया कि उन्होंने ट्रैक्टर से तेंदुए का पीछा भी किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और लोग देर शाम के बाद खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी गांव के पास सड़क पार करते हुए तेंदुआ देखे जाने की चर्चाएं हो चुकी हैं। क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की आशंका से बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
उधर, वन विभाग को मामले की सूचना दे दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। वन दरोगा प्रमोद भारती ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई है और टीम के साथ मौके पर जाकर जांच की जाएगी। स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button